खेल सुविधाओं को लेकर सख्त हुए उपायुक्त, इंडोर स्टेडियम का शुल्क घटाने और स्विमिंग पूल चालू करने के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 04 जून: जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को विभिन्न खेल परिसरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंडोर स्टेडियम, समाहरणालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल तथा सिद्धू-कान्हू स्टेडियम का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सबसे पहले इंडोर स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए स्टेडियम के प्रवेश शुल्क में कमी करने का निर्देश दिया। साथ ही खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता की खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा स्टेडियम परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर परिषद के अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

इसके बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। लंबे समय से बंद पड़े स्विमिंग पूल को जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ संचालित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे तैराकों और खेल प्रेमियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त सिद्धू-कान्हू स्टेडियम पहुंचे और वहां स्थित खेल छात्रावास की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को छात्रावास को शीघ्र सुचारू करने तथा खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अभ्यास की उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है और खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, नगर परिषद के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।