रामगढ़, 03 जून: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के न्यास परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विभिन्न पंचायतों के मुखिया और जनप्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद, विधायकों एवं अधिकारियों ने जिले में सड़क निर्माण, जलापूर्ति योजनाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे। इसके साथ ही स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, इको-टूरिज्म, स्किल डेवलपमेंट एवं आजीविका सृजन, जलापूर्ति तथा भौतिक आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की प्रगति और भावी कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में डीएमएफटी की प्रबंधकीय समिति से अनुमोदित विभिन्न योजनाओं को न्यास परिषद से स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में भी चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की विकासात्मक आवश्यकताओं और नई योजनाओं की मांग परिषद के समक्ष रखी।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।