रामगढ़, 03 जून: जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से 1000 चापानलों की मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया गया। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल तथा मांडू विधायक निर्मल महतो ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खराब और अनुपयोगी पड़े चापानलों की मरम्मत से लोगों को पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी तथा जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में चिन्हित लगभग 1000 चापानलों की मरम्मत चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी आबादी को लाभ मिलेगा और गर्मी के दौरान उत्पन्न होने वाले पेयजल संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला प्रशासन एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।