हजारीबाग में पत्रकार पर हमले का रांची में तीखा विरोध, इरफान अंसारी से माफी की मांग

Spread the News

रांची, 30 अप्रैल: हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मौजूदगी में दो पत्रकारों पर उनके समर्थकों द्वारा किए गए हमले के विरोध में बुधवार को रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काला बिल्ला लगाकर इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी की और उनकी माफी तथा इस्तीफे की मांग की।

पत्रकारों ने कहा कि चतरा एयर एंबुलेंस हादसे के मुआवजे में देरी और अन्य मुद्दों पर सवाल पूछने पर मंत्री के समर्थकों ने पत्रकार सुशांत सोनी (News18 झारखंड) और आशीष कुमार साव (रफ्तार मीडिया) पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान मंत्री मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने का कोई प्रयास नहीं किया। पीड़ित पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

रांची प्रेस क्लब में एकजुट हुए पत्रकारों ने नारे लगाए – “इरफान अंसारी माफी मांगो”,“पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं”,“लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को बचाओ”। हजारीबाग प्रेस क्लब के साथ-साथ राज्य के विभिन्न जिलों (चतरा, पाकुड़ आदि) के पत्रकार संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।

प्रदर्शन में पत्रकारों ने मांग की कि सरकार दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करे और पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। कई संगठनों ने 1 मई को हजारीबाग में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंत्री की मौजूदगी में प्रेस पर हमला लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।

इस घटना ने पूरे झारखंड में पत्रकार समुदाय में गुस्सा पैदा कर दिया है। पत्रकारों का कहना है कि सवाल पूछना उनका अधिकार है और इस पर हमला असहनीय है। सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान या कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।