रामगढ़, 30 अप्रैल: राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल आपूर्ति, खराब चापानलों की मरम्मत, तथा लू से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में जलापूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि हर नागरिक तक नियमित एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 से अब तक जिले में कुल 3667 चापानलों की मरम्मत की जा चुकी है। इस पर उपायुक्त ने संतोष जताते हुए कार्य में और तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जनसंपर्क विभाग को जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि आम लोग अपनी समस्याएं आसानी से दर्ज करा सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही ओआरएस, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में जलापूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।