खड़गे-राहुल पर अमर बाउरी का हमला, बोले- भाषा की मर्यादा नहीं, दलितों के नाम पर राजनीति

Spread the News

रांची, 22 अप्रैल: झारखंड की राजनीति में बयानबाज़ी को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा नेता अमर बाउरी ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की भाषा और कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

अमर बाउरी ने कहा कि राहुल गांधी “चांदी का चम्मच लेकर जीवन शुरू करने वाले” नेता हैं और उनका अहंकार आज भी झलकता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता द्वारा निर्वाचित होकर लगातार तीसरी बार इस पद पर पहुंचे हैं, जबकि कुछ नेता परिवारवाद की राजनीति से ऊपर नहीं उठ पा रहे हैं।

बाउरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे दलितों के नाम पर राजनीति करते हैं और उनकी भाषा “स्क्रिप्टेड” रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि खड़गे गांधी-नेहरू परिवार की “चरण चाटुकारिता” के कारण इस पद पर बने हुए हैं और उसी के चलते इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

प्रदेश स्तर पर भाजपा के पदाधिकारी के रूप में उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के संविधान के तहत जनता द्वारा चुने गए नेता हैं, न कि किसी परिवार की अनुकंपा से इस पद पर पहुंचे हैं। उन्होंने भीमराव आंबेडकर के संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की यही ताकत है, जो हर नागरिक को समान अवसर देती है।

अमर बाउरी ने कांग्रेस नेताओं से अपनी भाषा पर संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक विमर्श को व्यक्तिगत हमलों से ऊपर उठाकर मुद्दों पर केंद्रित किया जाना चाहिए। इस बयान के बाद झारखंड सहित राष्ट्रीय राजनीति में बयानबाज़ी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।