भीषण गर्मी के चलते झारखंड में स्कूलों का समय बदला, कल से लागू होगा नया शेड्यूल

Spread the News

रांची/पटना, 20 अप्रैल 2026: झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए सभी स्कूलों के संचालन समय में बड़ा बदलाव कर दिया है।

विभाग के आदेश के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 से अगले आदेश तक राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा निजी विद्यालयों में निम्नलिखित समय सारणी लागू होगी:

• कक्षा के.जी. से कक्षा 8 तक: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक।

• कक्षा 9 से कक्षा 12 तक: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।

आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी शेष समय (सुबह 7:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक) गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

यह फैसला राज्य में तापमान लगातार बढ़ने और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। विभागीय सचिव के अनुमोदन के बाद जारी इस आदेश का नंबर 02/वि.1-03/2024744 है।

शिक्षाविदों और अभिभावकों ने इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि दोपहर की तेज धूप और लू में बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो जाता है, इसलिए सुबह जल्दी कक्षाएं समाप्त करना उचित निर्णय है।

सरकार ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आगे गर्मी बढ़ने पर और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।