रामगढ़ में JPSC प्रारंभिक परीक्षा संपन्न, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त रहा माहौल

Spread the News

रामगढ़, 20 अप्रैल: झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को रामगढ़ जिले में पूरी शांति, निष्पक्षता और बिना किसी कदाचार के सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिला प्रशासन की सतर्क निगरानी और मजबूत तैयारियों के कारण जिले के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से दो पालियों में निर्धारित समय पर पूरी हुई।

परीक्षा में कुल 2,940 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उपायुक्त ऋतुराज के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने सभी केंद्रों पर सतत निगरानी रखी। आयोग द्वारा जारी एसओपी का पूरी तरह पालन किया गया। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सघन फ्रिस्किंग की गई और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

प्रश्न पत्रों तथा ओएमआर शीट्स के सुरक्षित वितरण, संधारण और परीक्षा के बाद सीलिंग की प्रक्रिया भी दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रही। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति बनी रही और अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

उपायुक्त ऋतुराज ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए नोडल पदाधिकारी कुमारी गीतांजली, सभी दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से ही परीक्षा का निष्पक्ष और सुचारू संचालन संभव हो सका।