रामगढ़, 03 अप्रैल: जिला प्रशासन ने रजरप्पा मंदिर परिसर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार संध्या अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और दुकानदारों से सहयोग की अपील की।
जिला प्रशासन ने 25 मार्च 2026 को रजरप्पा मंदिर परिसर में स्थित कुल 254 दुकानदारों को चिन्हित करते हुए उन्हें 15 दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने और दुकानें खाली करने का नोटिस जारी किया था।
बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार और अंचल अधिकारी चितरपुर दीपक मिंज ने संयुक्त रूप से रजरप्पा मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी दुकानदारों, रेस्टोरेंट संचालकों तथा मंदिर के पुजारियों के साथ बैठक की। बैठक में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया, समय-सीमा और जिला प्रशासन के निर्देशों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी से प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की तथा स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन का मानना है कि मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और धार्मिक स्थल की पवित्रता तथा सौंदर्य बरकरार रहेगा। अब देखना यह होगा कि नोटिस की समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन अगला कदम क्या उठाता है।