रांची, 27 मार्च 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने रामनवमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य की खुशहाली, समृद्धि, शांति और सामाजिक सद्भाव की कामना की।
सीएम हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित प्रसिद्ध राम जानकी तपोवन मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने पूरे श्रद्धा-भाव से राम-जानकी की आराधना की। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास स्थित मंदिर में भी उन्होंने महावीरी झंडा फहराया और पूजा-अर्चना की।
कल्पना सोरेन ने मंदिर में उपस्थित महिला श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मंदिर में भक्तों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “प्रभु श्री राम का जीवन हमें सत्य, न्याय, मर्यादा, त्याग और अनुशासन का संदेश देता है। इस पावन पर्व पर मैं राज्यवासियों से अपील करता हूं कि हम सब मिलकर सौहार्द, भाईचारे और एकता के साथ रामनवमी मनाएं। प्रभु श्री राम सबके जीवन में सुख-शांति और समृद्धि स्थापित करें।”
झारखंड में रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। पूरे राज्य में शोभायात्राएं निकाली गईं और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।