रामगढ़, 11 मार्च: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर कड़ा नियंत्रण स्थापित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक और क्राइम मीटिंग में एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हो, लंबित मामलों का त्वरित निपटारा किया जाए, सघन पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और संगठित गिरोहों पर नकेल कसी जाए।
एसपी अजय कुमार ने बैठक में विशेष जोर देते हुए कहा, “पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और सहायता है। थाने में आने वाले हर व्यक्ति के साथ विनम्र, सहयोगपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। किसी भी शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।” उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के साथ दुर्व्यवहार या बदसलूकी की कोई भी शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
हाल ही में रजरप्पा मंदिर में एक श्रद्धालु के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था, जिससे पुलिस की जनता के बीच छवि पर असर पड़ा था। एसपी ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जनता के प्रति संवेदनशीलता और अनुशासन जरूरी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि रात के समय अकेली महिला, बुजुर्ग या कमजोर व्यक्ति दिखाई दें तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। थाना स्तर पर साफ-सफाई, अभिलेखों का उचित रखरखाव और ड्यूटी में अनुशासन बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
एसपी अजय कुमार का यह अभियान जिले में अपराधियों में दहशत पैदा करने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या समस्या की सूचना तुरंत 100/112 पर दें।