झारखंड बोर्ड परीक्षा 2026: 70 केंद्रों पर शुरू हुई 45 लाख उत्तर पुस्तिकाओं की जांच

Spread the News

पारदर्शिता के साथ तेज मूल्यांकन, CCTV निगरानी में होगी प्रक्रिया

रांची, 10 मार्च 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिलने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य भर में कुल 70 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग 45 लाख उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी।

फरवरी में संपन्न हुई इन बोर्ड परीक्षाओं में कुल करीब 7.5 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें मैट्रिक के लगभग 4.23 लाख तथा इंटरमीडिएट के 3.24 लाख छात्र-छात्राएं थे। परीक्षा 3 फरवरी से शुरू होकर मैट्रिक 17 फरवरी तथा इंटर 23 फरवरी तक चली थी।

जैक के अधिकारियों के अनुसार, मूल्यांकन प्रक्रिया परीक्षा समाप्ति के तुरंत बाद शुरू हो गई है। यह पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में संचालित की जा रही है ताकि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे। प्रत्येक उत्तर पुस्तिका की जांच कम से कम एक योग्य शिक्षक द्वारा की जाएगी। केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सख्ती से प्रतिबंधित है। शिक्षकों को एक दिन में केवल एक बार एंट्री की अनुमति होगी तथा समय-सारणी का कड़ाई से पालन अनिवार्य है।

राज्य में इस कार्य के लिए 15 हजार से अधिक शिक्षक लगाए गए हैं। जैक का लक्ष्य है कि मूल्यांकन जल्द से जल्द पूरा हो ताकि परिणाम अप्रैल अंत या मई की शुरुआत में घोषित किए जा सकें। अधिकारियों ने बताया कि इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं जिससे पिछले वर्षों की तुलना में प्रक्रिया अधिक तेज और विश्वसनीय होगी।