रामगढ़, 10 मार्च: जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो से पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद पोषण ट्रैकर के अंतर्गत 14 सूचकांकों पर प्राप्त उपलब्धियों की जांच की गई। जिन सूचकांकों में उपलब्धि 90 प्रतिशत से कम पाई गई, उनमें महिला पर्यवेक्षिकाओं को गंभीरता से कार्य करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के सख्त निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि पोषण संबंधी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं के लिए मूलभूत सुविधाओं जैसे शौचालय, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे इन कार्यों को गंभीरता से लें और निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण सुनिश्चित करें।
इसके अलावा उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लक्ष्यों की प्राप्ति में कोई कोताही न बरती जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शाखा, बाल संरक्षण पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तथा महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।