रामगढ़, 6 मार्च 2026: रामगढ़ कैंट में स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा वैष्णवी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 298वीं रैंक हासिल कर पूरे रामगढ़ शहर और झारखंड का नाम रोशन कर दिया है। यह उपलब्धि खासतौर पर इसलिए गौरवपूर्ण है क्योंकि वैष्णवी ने पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से रामगढ़ कैंट, रामगढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल छा गया है। स्थानीय लोग इसे युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा मान रहे हैं।
वैष्णवी के पिता राजीव नयन कुमार कोल इंडिया लिमिटेड में वरीय सर्वे ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वे पूर्व में रामगढ़ के अरगड्डा एरिया में पदस्थापित थे, जहां वैष्णवी की प्रारंभिक शिक्षा हुई। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश के सिंगरौली में तैनात हैं। उनका मूल निवास बिहार के गया जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत दादपुर गांव में है।
वैष्णवी ने आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ से 10वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने रांची के जवाहर विद्या मंदिर से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय पहुंचीं और इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक के बाद वैष्णवी ने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, वैष्णवी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित रही हैं। रामगढ़ में रहते हुए उन्होंने स्कूल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो उनकी सफलता की नींव बना। रामगढ़ कैंट के निवासियों और आर्मी पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र-छात्राओं ने वैष्णवी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों का कहना है कि वैष्णवी की सफलता रामगढ़ के युवाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
वैष्णवी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि रामगढ़ कैंट, रामगढ़ जिले और झारखंड के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनी है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें ढेर सारी बधाइयां दी हैं ।