रामगढ़, 03 मार्च: होली पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को रमजान एवं आगामी होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि यदि पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में अफवाह फैलती है या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोई कोशिश होती है, तो इसकी तुरंत जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06553-222005 पर दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, आमजन से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह संबंधित पोस्ट को शेयर न करें। उपायुक्त ने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन होली पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपायुक्त ने संयुक्त जिला आदेश के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखें। असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। शांति समिति के सदस्यों से भी अपने क्षेत्र में निगरानी रखने एवं किसी भी असामान्य स्थिति की तुरंत सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई।
इसके अलावा, पर्व के दौरान वाहन जांच अभियान, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई तथा अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी भी साझा की गई। होली के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने कुल 61 स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की है। प्रत्येक प्रखंड में तीन पालियों में गस्ती दंडाधिकारी तथा जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, थाना प्रभारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील की है ताकि होली का त्योहार खुशी एवं शांति के साथ मनाया जा सके।