मौसम ने ली अचानक करवट, तेज आंधी-बारिश के साथ रामगढ़ में बिजली गुल

Spread the News

रामगढ़, 23 फरवरी 2026: झारखंड के रामगढ़ जिले में कुछ देर पहले मौसम ने पूरी तरह पलटी मारी। सुबह तक चिलचिलाती धूप और गर्मी का एहसास होने के बाद अचानक घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ आंधी और बौछारें शुरू हो गईं, जिससे पूरा शहर बिजली गुल हो जाने के कारण अंधेरे में डूब गया है। कई इलाकों में दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई, जबकि सड़कों पर पानी भर गया।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रामगढ़, रांची, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद सहित कुल 13 जिलों में यह प्रभाव देखा जा सकता है। फिलहाल तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश हो रही है। जिससे तापमान में अचानक गिरावट आई और ठंडक का एहसास होने लगा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी से राहत मिली है, लेकिन अचानक मौसम बदलने से ठंड लौट आई लगती है। “सुबह तक गर्मी थी, लेकिन अब सर्दी का अहसास हो रहा है।” स्थानीय किसानों को चिंता बढ़ गई है कि यदि बारिश जारी रही तो खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण हुआ है। आने वाले दो दिनों में तापमान 4-6 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे सर्दी बढ़ेगी। प्रशासन ने लोगों से बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहने, खुले में न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।