रामगढ़ नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, मतदान संपन्न, पोलिंग दल रिसीविंग सेंटर पहुंचे

Spread the News

रामगढ़, 23 फरवरी 2026: रामगढ़ नगर परिषद के आम चुनाव 2026 के तहत आज मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। शाम को मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न मतदान केंद्रों से पोलिंग दल सुरक्षित रूप से रामगढ़ महाविद्यालय स्थित रिसीविंग सेंटर पहुंच रहे हैं। यहां प्राप्त मतदान सामग्रियों की जमा प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विधिवत चल रही है।

प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। जिसमें मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सहायता कर्मियों की उपलब्धता शामिल थी। डीसी फैज अक अहमद मुमताज सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया। दोपहर 3 बजे तक कुल 52.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें रामगढ़ नप में 52.05%, डुमरी नप में 55.15% और मांडू नप में 57.94% मतदान हुआ। कुल 97,698 मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में 98 मतदान केंद्रों पर बैलेट पेपर से वोटिंग हुई, जो सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चली।

चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रहा। किसी भी बड़े विवाद या घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की सतर्कता और मतदाताओं की जागरूकता के कारण यह प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से पूरी हुई।

अब मतगणना की प्रक्रिया 27 को शुरू होगी। परिणाम घोषित होने के बाद रामगढ़ नगर परिषद के नए अध्यक्ष और 32 वार्ड पार्षदों का चुनाव तय होगा। यह चुनाव स्थानीय विकास, नागरिक सुविधाओं और बेहतर शासन के लिए जनता की पसंद का प्रतिबिंब होगा।