मेदिनीनगर (पलामू), 21 फरवरी 2026: झारखंड के पलामू जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव से महज 72 घंटे पहले नौ असामाजिक तत्वों को झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम-2002 की धारा 3(A) के तहत जिला बदर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन की अनुशंसा पर उपायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन लोगों को नोटिस जारी कर आगामी रामनवमी तक जिले की सीमा से बाहर रहने का सख्त निर्देश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला बदर किए गए व्यक्तियों के नाम आसिफ अहमद उर्फ राजा खान, अशफाक खान, हसनैन अंसारी, फरहान कुरैशी उर्फ भोलू, चंदन कुमार चंद्रवंशी, नितेश कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा, दीपक कुमार भुइयां, कुश कुमार यादव और गुलशन कुमार विश्वकर्मा है।
ये सभी व्यक्ति विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद हैं और उनकी मौजूदगी से चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।
चुनाव को लेकर लाइसेंसी हथियारों की समीक्षा भी जोरों पर है। जिले में कुल करीब 1200 हथियार लाइसेंसधारियों की जांच चल रही है। अब तक 69 लाइसेंसधारियों पर विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। ऐसे लोगों के हथियार थाने में जमा कराए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पुलिस ने हथियार लाइसेंसधारियों को चार श्रेणियों में बांटा है- जमानत पर बाहर, आपराधिक इतिहास वाले, दंगा मामलों के आरोपी और सामान्य लाइसेंसधारी।
पलामू पुलिस ने चुनाव के मद्देनजर ‘सिक्योरिटी चक्र’ तैयार किया है। सभी मतदान केंद्रों पर हथियारबंद जवानों की तैनाती होगी। 35 से अधिक क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई हैं। पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सर्च अभियान जारी हैं। एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोई समझौता नहीं होगा। मतदाता बिना किसी भय के मताधिकार का प्रयोग कर सकें, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
यह कार्रवाई जिले में चुनावी हिंसा और दबंगई रोकने की व्यापक तैयारी का हिस्सा बताई जा रही है।