रामगढ़, 21 फरवरी 2026: आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार को सामान्य प्रेक्षक श्री राजेश प्रजापति ने रामगढ़ महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक ने महाविद्यालय को डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्र के रूप में प्रस्तावित स्थलों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था आदि की समीक्षा की तथा इनकी गुणवत्ता और पर्याप्तता पर संतोष जताया, साथ ही कुछ आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी तैयारियों को योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा निर्वाचन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों से स्पष्ट है कि रामगढ़ में नगर पालिका चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए पूरी गंभीरता बरती जा रही है।