रामगढ़, 19 फरवरी: गोला थाना क्षेत्र में 4 फरवरी 2026 की शाम ज्वेलरी कारोबारी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार से हुई हथियारबंद लूट का मामला मात्र दो सप्ताह में सुलझ गया। पुलिस ने मुख्य सरगना मो. सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास समेत चार अंतर-जिला अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी गई नकदी, सोने के आभूषण, देसी कट्टा, गोली और इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहन बरामद कर लिए गए हैं।
घटना के अनुसार, रजरप्पा निवासी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार अपने दुकान बिहारी ज्वेलर्स, गोला से संध्या करीब 6 बजे दुकान बंद कर सुकरीगढ़ा जा रहे थे। भेड़ा पुल के पास रॉयल एनफील्ड मीटर 350 बुलेट पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका, कट्टा दिखाकर 70 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल और बाइक की चाबी लूट ली और फरार हो गए। गोला थाना में BNS की धारा 309(4)/3(5) के तहत कांड संख्या 18/26 दर्ज हुआ।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर उपाधीक्षक चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में एसआईटी ने जांच शुरू की। रांची से पहले दीपक कुमार (21 वर्ष, केरेडारी, हजारीबाग) गिरफ्तार हुआ। उसकी निशानदेही पर कट्टा, गोली, बाली, पल्सर और घटना वाली बुलेट बरामद हुई। बाद में हजारीबाग के चरही क्षेत्र से सद्दाम (30 वर्ष, मुख्य सरगना), ऐनुल अंसारी (27 वर्ष) और मोईन अंसारी (30 वर्ष) पकड़े गए। इनके पास से 7 जोड़ा कान का बाली, 2 चेन, 4 मंगलसूत्र और एक ऑल्टो कार बरामद हुई।
सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जांच में पता चला कि सद्दाम बोकारो, रांची, रामगढ़ में कई लूट-डकैती के मामलों में 4 बार जेल जा चुका है। अन्य आरोपी भी हजारीबाग, रांची आदि जिलों के कई कांडों में पुराने अपराधी हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई से एक सक्रिय अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।