रामगढ़, 15 फरवरी: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी रामगढ़ जिला इकाई के तत्वावधान में जेंडर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन के लिए चार दिवसीय आवासीय ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, गोला में सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इस प्रशिक्षण में पतरातू, दुलमी और गोला प्रखंड के जेंडर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जेंडर संवेदनशीलता से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जेंडर के कुल 17 मॉड्यूलों में से पहले 10 मॉड्यूलों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इनमें प्रमुख विषय थे- सेक्स और जेंडर, जेंडर का सामाजिक निर्माण एवं समाजीकरण, जेंडर आधारित श्रम विभाजन, पहुँच और नियंत्रण, संस्थागत संरचनाएँ, जेंडर और गतिशीलता, जेंडर और आजीविका, जेंडर अधिकार एवं हकदारी, जेंडर, भोजन एवं पोषण तथा जेंडर और विकेंद्रीकरण। विभिन्न सत्रों में जेंडर समानता, सामाजिक समावेशन, महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा की पहचान एवं रोकथाम, सामुदायिक जागरूकता रणनीतियाँ और समूह स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
प्रतिभागियों को समूह गतिविधियों, व्यावहारिक अभ्यास सत्रों तथा आपसी अनुभव साझा करने के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में अधिक प्रभावी ढंग से जेंडर संवेदनशीलता फैला सकें। इस ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स का मुख्य उद्देश्य जेंडर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन को सशक्त बनाना था ताकि वे ग्रामीण स्तर पर स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों को चरणबद्ध तरीके से जेंडर संबंधी प्रशिक्षण दे सकें।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के इस प्रयास को ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई है।