रामगढ़, 15 फरवरी: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, निष्पक्ष और पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शनिवार को गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में पीठासीन पदाधिकारी एवं अन्य मतदान पदाधिकारियों को द्वितीय चरण का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनरों ने मतदान प्रक्रिया के हर पहलू पर विस्तार से रोशनी डाली। पदाधिकारियों को मतदान केंद्र पर अपने दायित्वों का सही निर्वहन, मतदान सामग्री का उचित उपयोग, ईवीएम/वीवीपैट की सीलिंग प्रक्रिया, मतदान की गोपनीयता सुनिश्चित करना, मतदाताओं की वैध पहचान सत्यापन तथा झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
ट्रेनिंग के दौरान पदाधिकारियों की सभी शंकाओं का समाधान किया गया। मतदान दिवस पर उत्पन्न होने वाली विभिन्न संभावित परिस्थितियों- जैसे तकनीकी खराबी, विवाद, विशेष श्रेणी के मतदाताओं की सहायता आदि- से निपटने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान के अनुसार ही कार्य करें ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, विश्वसनीय और निष्पक्ष बनी रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी को समय पर पहुंचने और प्रशिक्षण को पूर्ण गंभीरता से लेने का आह्वान किया।
बता दें कि रामगढ़ नगर परिषद (वर्ग-क) के 32 वार्डों में होने वाले इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर 9 और पार्षद पदों पर 216 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि चुनाव में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।