रामगढ़ में 101 बेटियों का भव्य सामूहिक विवाह: सांसद मनीष जायसवाल ने निभाई अभिभावक की भूमिका, राज्यपाल संतोष गंगवार ने दिया आशीर्वाद

Spread the News

रामगढ़, 8 फरवरी 2026: हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर आज सिद्धू-कान्हू मैदान में ‘सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026’ के तहत 101 जोड़ों का ऐतिहासिक सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। यह रामगढ़ जिले में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आयोजित हुआ भव्य समारोह था, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग तथा अभिभावकविहीन परिवारों की बेटियों को गरिमापूर्ण विवाह का अवसर मिला।

सुबह 9 बजे रामगढ़ छावनी परिषद फुटबॉल मैदान से 101 दूल्हों की शाही बारात निकली, जिसकी अगुवाई खुद सांसद मनीष जायसवाल ने की। बारात में छऊ नृत्य, ढोल-ताशा, झांकियां और पटाखों की गूंज के साथ शहर भर में स्वागत हुआ। वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न विवाह में कोलकाता के प्रसिद्ध राघव पंडित ने मंत्रोच्चार किया, जबकि भोजपुरी सुपरस्टार एवं सांसद मनोज तिवारी ने अपने मधुर गीतों से माहौल को रंगीन बनाया।

मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने नवदंपत्तियों को अखंड सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद दिया। सांसद मनीष जायसवाल ने स्वयं कई बेटियों का कन्यादान किया और अभिभावक की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “बेटियां बोझ नहीं, समाज की शक्ति हैं। यदि प्रत्येक समर्थ व्यक्ति एक बेटी की मदद करे, तो समाज से बेटी के विवाह का दुख हमेशा के लिए दूर हो सकता है।”

इस वर्ष यह तीसरा संस्करण था 2024 में 25 जोड़ों, 2025 में 101 जोड़ों के बाद 2026 में फिर 101 जोड़ों का आयोजन। लगभग 450 आवेदनों में से बहुस्तरीय जांच के बाद जरूरतमंद जोड़ों का चयन किया गया।

नवविवाहित जोड़ों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सांसद द्वारा विशेष उपहार दिए गए, जिनमें इलेक्ट्रिक रिक्शा, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। हजारों लोगों की उपस्थिति में यह आयोजन सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का प्रतीक बन गया।