रांची/हजारीबाग/रामगढ़, 25 जनवरी: झारखंड सरकार ने हजारीबाग और रामगढ़ जिलों के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम उठाया है। इन दोनों जिलों के कुल 6 सरकारी विद्यालयों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। इस अपग्रेडेशन से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लासरूम, लैबोरेट्री और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।
अपग्रेड होने वाले विद्यालयों में हजारीबाग जिला के +2 हाई स्कूल, बड़कागांव, अपग्रेडेड गर्ल्स +2 हाई स्कूल, बेलकप्पी, बरकट्ठा और यूपीजी हाई स्कूल, चानो, बिष्णुगढ़ जबकि रामगढ़ जिला में होने वाले अपग्रेड विद्यालयों में यूपीजी हाई स्कूल, चाटक,दुलमी प्रखंड, एस.एस. हाई स्कूल, गोला और जनता हाई स्कूल, चैनपुर, मांडू चयनित किया गया है।
यह निर्णय मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना के तहत लिया गया है, जिसका उद्देश्य राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना है। इन स्कूलों में अब सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई, डिजिटल संसाधन और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्थानीय लोगों और शिक्षाविदों ने इस फैसले का स्वागत किया है। साथ ही अपील की गई है कि हजारीबाग और रामगढ़ के अन्य योग्य विद्यालयों को भी जल्द से जल्द इस सूची में शामिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।