रामगढ़ में गणतंत्र दिवस की अंतिम तैयारियां पूरी, सिदो कान्हू मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल

Spread the News

“गणतंत्र दिवस के अवसर पर राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ के छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड की भव्य एवं आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी।”

रामगढ़, 24 जनवरी: जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को सिदो कान्हू मैदान में आयोजित अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

उपायुक्त ने परेड का गहन जायजा लिया और उसके बाद तिरंगा फहराकर अभ्यास की शुरुआत की। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ के छात्र-छात्राओं ने बैंड की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने पूरे मैदान में जोश और उत्साह भर दिया।

उपायुक्त ने अंतिम चरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए। मुख्य समारोह 26 जनवरी को सुबह 9:05 बजे सिदो कान्हू मैदान से शुरू होगा।

इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यालयों में झंडोत्तोलन होगा-उपायुक्त कार्यालय में प्रातः 10:45 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10:50 बजे, उप विकास आयुक्त कार्यालय में 10:55 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 11:10 बजे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 11:15 बजे तथा पुलिस लाइन रामगढ़ में 11:30 बजे तिरंगा फहराया जाएगा।

कार्यक्रम में गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, परेड कमांडर मंटू यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समारोह की शोभा बढ़ाने की अपील की है।