दावोस/स्विट्जरलैंड, 21 जनवरी: दावोस में विश्व आर्थिक मंच 2026 के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और एवरस्टोन ग्रुप के प्रेसिडेंट जयंत सिन्हा से मुलाकात की। यह मुलाकात झारखंड के आर्थिक विकास, वैश्विक निवेश आकर्षण और सतत विकास पर केंद्रित रही। जयंत सिन्हा ने झारखंड को एक सशक्त, विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य बनाने पर चर्चा की, जिसमें उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग, खनन, ग्रीन एनर्जी और उभरते क्षेत्रों की संभावनाएं शामिल थीं।
मुख्यमंत्री ने राज्य की हरित विकास यात्रा पर जोर दिया और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए क्लाइमेट फाइनेंस तथा ग्रीन इन्वेस्टमेंट की आवश्यकता बताई। इस दौरान झारखंड सरकार ने टाटा स्टील के साथ 11,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का समझौता किया, जो न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी पर फोकस करता है। इसमें HIsarna Easy & Melt Technology (7,000 करोड़), Combi Mill प्रोजेक्ट (1,500 करोड़) और टिनप्लेट विस्तार (2,600 करोड़) शामिल हैं, जिससे कार्बन उत्सर्जन में 80% तक कमी और हजारों रोजगार सृजन की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री को विश्व आर्थिक मंच का प्रतिष्ठित व्हाइट बैज सम्मान मिला। झारखंड पवेलियन का उद्घाटन कर विजन 2050 प्रस्तुत किया गया। राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर यह ऐतिहासिक उपस्थिति है। मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड अब क्रियाशील विकास की ओर अग्रसर है।” इससे हजारीबाग सहित पूरे राज्य में नए उद्योग और मजबूत अर्थव्यवस्था के अवसर बढ़ेंगे।