ज़्यूरिख़/स्वीटजरलैंड,16 जनवरी: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायिका कल्पना सोरेन के साथ स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख पहुंच गए। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर भारत के स्विट्जरलैंड में राजदूत मृदुल कुमार ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। यह स्वागत राजनयिक स्तर का था, जिसमें भारतीय दूतावास की ओर से औपचारिक रिसेप्शन दिया गया।
मुख्यमंत्री एक उच्चस्तरीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ हैं, जिसमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार और खान सचिव अरवा राजकमल जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह यात्रा वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए है, जो 19 से 23 जनवरी तक दावोस में आयोजित होगी। झारखंड सरकार की यह पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर भागीदारी है, जो राज्य के 25वें स्थापना दिवस के साथ संयोग से मेल खाती है।
दावोस के बाद प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम जाएगा, जहां सीएम हेमंत सोरेन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के Blavatnik School of Government में विशेष व्याख्यान देंगे- यह किसी भारतीय मुख्यमंत्री के लिए पहला अवसर होगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर उत्साह जताते हुए कहा कि वे झारखंड और भारत का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करने को तैयार हैं।
यह दौरा राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक साझेदारी मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।