बड़ा रेल हादसा टला: लोहरदगा में क्षतिग्रस्त पुल से गुजरीं राजधानी, सासाराम एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें

Spread the News

लोहरदगा/रांची, 4 जनवरी 2026: झारखंड के लोहरदगा जिले में दक्षिण कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के एक पिलर में गंभीर दरार आने से बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रविवार को रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस और लोहरदगा-रांची मेमू पैसेंजर ट्रेन सहित कई ट्रेनें इस क्षतिग्रस्त पुल से गुजर चुकी थीं। रेलवे कर्मियों की तत्परता से समय रहते पुल की क्षति का पता चलने पर आगे की ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया, जिससे हजारों यात्रियों की जान बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। रांची से टोरी जा रही मेमू ट्रेन को पुल से ठीक पहले रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। यात्रियों को पैदल ही पुल पार करके स्टेशन पहुंचना पड़ा। रविवार होने के कारण ट्रेनों में भीड़ अधिक थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुल के पिलर नंबर 5 या 6 में गंभीर क्षति पाई गई है। संभावित कारण नदी में चल रहा अवैध खनन बताया जा रहा है, जिससे पिलर की नींव कमजोर हो गई। रांची रेल मंडल के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुल की मरम्मत तक रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह बाधित रहेगा।

रेलवे ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। सांसद सुखदेव भगत ने भी रांची डीआरएम से बात कर वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।