राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर पहुंचेंगी, ओल चिकी शताब्दी और NIT दीक्षांत में होंगी शामिल

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

जमशेदपुर/रांची, 26 दिसंबर 2025: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर 28 दिसंबर से आएंगी। दौरे का मुख्य आकर्षण 29 दिसंबर को जमशेदपुर रहेगा, जहां वे संथाली लिपि ‘ओल चिकी’ के शताब्दी समारोह और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका जमशेदपुर का पहला दौरा होगा।

राष्ट्रपति 29 दिसंबर को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से भारतीय सेना के तीन हेलीकॉप्टरों के काफिले से सुबह करीब 10:20 बजे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर उतरेंगी। इसके बाद वे सड़क मार्ग से करनडीह (सुंदरनगर) स्थित दिशोम जाहेरथान पहुंचेंगी। यहां वे पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में पूजा-अर्चना करेंगी और ओल चिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस समारोह में वे संथाली संस्कृति और भाषा के संरक्षण पर अपने विचार साझा करेंगी।

इसके बाद राष्ट्रपति आदित्यपुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर पहुंचेंगी, जहां 15वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करेंगी और मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। समारोह में झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा की कमान स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप सहित विशेष बलों के हाथों में रहेगी। जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों को 28 दिसंबर शाम से 29 दिसंबर रात तक ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है, जिसमें ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध होगा। रूट की फिजिकल वेरिफिकेशन, ऊंची इमारतों की जांच, एंटी-सैबोटाज चेकिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

राष्ट्रपति का यह दौरा आदिवासी संस्कृति, भाषा संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है। उनके दौरे के बाद 30 दिसंबर को वे गुमला में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगी। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है ताकि दौरा सुचारु रूप से संपन्न हो।