रामगढ़ में अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, दो हाईवा जब्त, FIR दर्ज

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़ (झारखंड), 18 दिसंबर 2025: रामगढ़ जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने 17 दिसंबर को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरोबिंग चेक पोस्ट पर दो हाईवा वाहनों की जांच की गई।

ये वाहन ओडिशा पंजीकरण वाले थे- पहला OD02X-8125 और दूसरा OD02Y-0519। जांच में प्रत्येक हाईवा पर लगभग 600 घनफुट बालू लदा मिला, लेकिन कोई वैध परिवहन चालान या JIMMS पोर्टल पर एंट्री नहीं थी। इससे स्पष्ट हुआ कि ये वाहन अवैध बालू घाट से बालू उठाकर परिवहन कर रहे थे, जिससे सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है।

जिला खनन पदाधिकारी ने तत्काल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और वाहन मालिकों, अज्ञात चालकों तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ रजरप्पा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। FIR खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4 व 21, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54 तथा झारखंड मिनरल्स (इलीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) रूल्स 2017 के नियम 9 व 13 के तहत दर्ज की गई है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को अवैध खनन पर योजनाबद्ध कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जिले में ऐसी मुहिम से बालू माफिया पर नकेल कसी जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और राजस्व वृद्धि में मदद मिलेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।