रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
नई दिल्ली, 17 दिसंबर 2025: देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड को नया नेतृत्व मिल गया है। बी. साईराम ने 15 दिसंबर 2025 से चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर का पदभार संभाल लिया है। वे अंतरिम सीएमडी सनोज कुमार झा की जगह ले रहे हैं, जो कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव भी हैं। सनोज कुमार झा ने यह अतिरिक्त जिम्मेदारी 1 नवंबर 2025 से संभाली थी, जब पूर्व सी.एम.डी. पी.एम. प्रसाद 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए थे।
बी. साईराम इससे पहले कोल इंडिया की सब्सिडियरी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सी.एम.डी. थे। उनके पास कोयला क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे एन.आई.टी. रायपुर से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और ऊर्जा प्रबंधन में एम.बी.ए. भी रखते हैं।
पदभार संभालने के बाद अपने पहले बयान में बी. साईराम ने कहा, “कोयला उत्पादन बढ़ाना और गुणवत्ता युक्त कोयला आपूर्ति देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारा मुख्य फोकस रहेगा। साथ ही, बदलते ऊर्जा परिदृश्य के अनुरूप हम सौर ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स अधिग्रहण, कोयला गैसीकरण जैसी नई क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहे हैं। कंपनी सस्टेनेबल माइनिंग प्रैक्टिस के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
यह नियुक्ति सितंबर 2025 में पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड की अनुशंसा के बाद कैबिनेट की अपॉइंटमेंट्स कमिटी से मंजूरी मिलने पर हुई है। कोल इंडिया भारत के घरेलू कोयला उत्पादन का 80% से अधिक हिस्सा संभालती है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नए सी.एम.डी. के नेतृत्व में कंपनी उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करने और हरित ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाने की उम्मीद है।