विश्व वन्यप्राणी संरक्षण दिवस पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 10 दिसंबर 2025: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा विश्व वन्यप्राणी संरक्षण दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वन्यजीवों के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता तथा अवैध शिकार व तस्करी के विरुद्ध जागरूकता फैलाना था।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “वन्यप्राणी हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए हमें हर संभव प्रयास करना चाहिए। यदि हम आज नहीं चेते, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें कभी माफ नहीं करेंगी।”

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी को विश्व वन्यप्राणी संरक्षण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वन्यजीव हमारे पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र की रीढ़ हैं। उनके बिना जीवन चक्र असंतुलित हो जाएगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा, “वन्यजीव संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए। यह कार्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखेगा।”

कार्यक्रम में जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वन्यप्राणी संरक्षण की वर्तमान स्थिति, खतरे और संरक्षण के उपायों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विभाग की व्याख्याता डॉ. अपराजिता सोनी ने किया।

छात्र-छात्राओं के लिए क्विज़ प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता तथा भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने भारी उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विज्ञान संकाय के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

“ऐसे जागरूकता अभियान निरंतर चलते रहें”- इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन विश्वविद्यालय की पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।