रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगीं- उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल
रामगढ़, 9 December। उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय के ब्लॉक-बी सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी।
उप विकास आयुक्त ने सदर अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर कर स्वयं इलाज करने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मातृत्व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए गर्भवती महिलाओं की प्रसव-पूर्व जांच समयबद्ध करने, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की शत-प्रतिशत पहचान तथा संस्थागत प्रसव को और सुदृढ़ करने का आदेश दिया। प्रसव के दौरान माँ या नवजात की मृत्यु होने पर गंभीर जांच एवं पोस्टमार्टम अनिवार्य करने को कहा गया।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 प्रसव एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए चिकित्सकों व स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कुपोषण उपचार केंद्रों (एमटीसी) का प्रभावी संचालन करने का निर्देश दिया। कुपोषित बच्चों के इलाज में आईसीडीएस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया। ब्लड बैंक के सुचारु संचालन एवं मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उप विकास आयुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी तथा सभी निर्देशों का त्वरित अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।