रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 5 दिसंबर 2025: झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया। पांच दिवसीय यह सत्र 11 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन सदन में हंगामा रहित शुरुआत हुई और सभी दलों ने सुचारु संचालन का भरोसा दिया।
सत्र का सबसे महत्वपूर्ण कार्य 8 दिसंबर को वित्त मंत्री द्वारा 2025-26 के वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करना है। इसके बाद 9 दिसंबर को इस पर विस्तृत चर्चा होगी। विपक्षी दल भाजपा ने बजट पर अधिक समय देने की मांग की, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
सत्र में चार दिनों तक प्रश्नकाल चलेगा। विपक्ष ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, अवैध खनन, भर्ती घोटाले और रुकी विकास परियोजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी की है। वहीं सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन अपनी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इंडिया गठबंधन के विधायकों की बैठक लेकर रणनीति तय की। स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने सभी दलों से सहयोग की अपील की है। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी चर्चा होगी।