रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 2 दिसंबर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने घोषणा की है कि 14 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में झारखंड से 5000 से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह रैली भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची से नाम कटवाने, वोट चोरी करने और लोकतंत्र को कुचलने के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा निर्वाचन आयोग पर दबाव डालकर और विधायकों की खरीद-फरोख्त करके सत्ता हथिया रही है। संविधान और वोट के अधिकार को बचाने के लिए यह महारैली ऐतिहासिक होगी। झारखंड के सभी 5 संभागों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने की तैयारी जोरों पर है। प्रत्येक जिला और प्रखंड अध्यक्षों को 5000 की न्यूनतम भागीदारी का लक्ष्य दिया गया है।
2 दिसंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रैली की अंतिम रणनीति तय होगी। साथ ही 15 दिसंबर तक राज्य के 29,000 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का अभियान भी इस रैली के साथ जुड़ा हुआ है। कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा, “भाजपा जिस तरह लोकतंत्र की हत्या कर रही है, उसके खिलाफ दिल्ली की यह रैली करारा जवाब होगी।”
कांग्रेस का दावा है कि 12 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची से लाखों नाम काटे गए हैं, जिनमें अधिकांश विपक्षी दलों के समर्थक हैं। पार्टी इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी जन जागरण अभियान चला रही है।