इस साल 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा JAC लेगा, अगले साल से JCERT की होगी जिम्मेदारी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 1 दिसंबर 2025: झारखंड में कक्षा 8, 9 और 11 की बोर्ड परीक्षा को लेकर JAC और JCERT के बीच चला आ रहा असमंजस आखिरकार खत्म हो गया। सोमवार को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में तय किया गया कि चालू शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन तीनों कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं झारखंड एकेडमिक काउंसिल ही आयोजित करेगा। हालांकि, अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यह पूरी जिम्मेदारी झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद को सौंप दी जाएगी।

बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षाओं का परिणाम 31 मार्च 2026 तक हर हाल में घोषित कर दिया जाए। कक्षा 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी से ओएमआर शीट पर होगी, कक्षा 9वीं की परीक्षा 29 जनवरी से दो शिफ्टों में शुरू होगी, जबकि कक्षा 11वीं (विज्ञान, वाणिज्य और कला सभी संकायों) की परीक्षा 6 मार्च 2026 से होगी। इस बार दस लाख से ज्यादा विद्यार्थी इन परीक्षाओं में बैठेंगे।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि देश में आमतौर पर सिर्फ 10वीं और 12वीं की परीक्षा ही बोर्ड आयोजित करता है, बाकी कक्षाओं का दायित्व शिक्षा विभाग का होता है। इसी नीति के तहत आगे JCERT इन कक्षाओं की परीक्षाएं लेगा और JAC केवल मैट्रिक-इंटर पर ध्यान केंद्रित करेगा।

विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे JCERT के नए सिलेबस और मॉडल पेपर के अनुसार ही तैयारी करें। प्रवेश पत्र और अन्य सूचनाएं JAC की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी।