रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
पाकुड़, 30 नवंबर : जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा जिला नियोजनालय पाकुड़ द्वारा आगामी 2 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को “दत्तोपंत ठेंगड़ी मेगा रोजगार मेला-2025” का आयोजन किया जा रहा है। मेला सुबह 10:30 बजे से गोकुलपुर स्थित बाजार समिति मैदान में शुरू होगा।
इस मेले में देश-विदेश की नामी कंपनियाँ हिस्सा लेंगी और मौके पर ही साक्षात्कार के बाद चयन एवं नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगी। 8वीं पास से लेकर एमबीए, बी.टेक, बी.एड., आईटीआई, डिप्लोमा तक सभी शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। शिक्षक, प्रशिक्षक, मशीन ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, ड्राइवर, कुक, कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सेल्स एग्जिक्यूटिव, टेली-कॉलर, सुपरवाइज़र, सिक्योरिटी गार्ड सहित सैकड़ों पदों पर भर्ती होगी।
मेला पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को कई प्रतियों में बायोडाटा, आधार कार्ड, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी, स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र तथा नियोजनालय पंजीयन कार्ड (यदि हो) साथ लाना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी jharniyojan.jharkhand.gov.in तथा www.ncs.gov.in पर पहले से ऑनलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं।
उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी युवाओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल है।