रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 18 नवंबर। झारखंड सरकार राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर जनता को बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक पूरे राज्य में ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ महा-अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पंचायत, प्रखंड और नगर निकाय स्तर पर विशेष शिविर लगेंगे, जहां 36 से अधिक सरकारी योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे और अधिकांश का लाभ मौके पर ही दिया जाएगा।
मुख्य योजनाओं में मईयां सम्मान योजना (महिलाओं को ₹2,500 मासिक), सर्वजन पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, जाति-आय-आवासीय प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, लैंप्स योजना प्रमुख हैं। साथ ही राशन कार्ड सुधार, बिजली-पेयजल-सड़क जैसी स्थानीय समस्याओं का तत्काल निदान होगा।
सरकार ने सभी 24 जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रभारी बनाया है। उपायुक्तों को जनप्रतिनिधियों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर शिविरों की व्यापक जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “हम गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी दफ्तर के चक्कर न लगाए।” कार्यक्रम की आधिकारिक वेबसाइट sarkaraapkedwar.jharkhand.gov.in पर शिविरों का पूरा शेड्यूल, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की स्थिति देखी जा सकती है।
राज्य के रजत जयंती वर्ष में यह अब तक का सबसे बड़ा जनकल्याण अभियान है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।