झारखंड PG मेडिकल काउंसलिंग 2025: पहला राउंड संशोधित, नए उम्मीदवारों को मौका

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 18 नवंबर 2025: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद  ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MD, MS, डिप्लोमा एवं DNB कोर्सेज में दाखिले के लिए पहली काउंसलिंग का कार्यक्रम संशोधित कर दिया है। केंद्र की मेडिकल काउंसलिंग कमेटी  के निर्देश पर यह बदलाव किया गया है।

सबसे बड़ी राहत यह है कि जिन NEET-PG 2025 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने अब तक काउंसलिंग के लिए आवेदन नहीं किया था, उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे उम्मीदवार 18 और 19 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है।

संशोधित शेड्यूल के अनुसार, 20 नवंबर को अस्थायी राज्य मेधा सूची जारी होगी, जिस पर 21 नवंबर तक आपत्ति ली जाएगी। 22 नवंबर को अंतिम मेधा सूची प्रकाशित होगी। च्वाइस फिलिंग 23-24 नवंबर तक होगी तथा 25 नवंबर तक उसमें संशोधन किया जा सकेगा। सीट आवंटन 27 नवंबर को होगा जबकि 28 नवंबर से 3 दिसंबर तक आवंटित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन एवं नामांकन पूरा करना होगा।

JCECEB ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथियों का पालन करें और आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर लगातार अपडेट देखते रहें। यह संशोधन राज्य के हजारों मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।