राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम से मनाई गई

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

“भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष और अदम्य साहस का प्रतीक है”- कुलाधिपति बी. एन. साह

रामगढ़, 15 नवंबर 2025 (शनिवार): राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बड़े उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह, सचिव प्रियंका कुमारी तथा संस्थान के सभी पदाधिकारीगण द्वारा विश्वविद्यालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सचिव प्रियंका कुमारी द्वारा ग्रामीण गरीब महिलाओं के बीच साड़ी वितरण किया गया। इस वितरण कार्यक्रम में दोहागातू की मुखिया कलावती देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कुलाधिपति बी. एन. साह ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी समाज के उत्थान, संघर्ष और साहस का प्रेरणास्रोत है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।”

सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि “भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे महान क्रांतिकारी, समाज सुधारक और जननायक रहे हैं जिन्होंने अपने संपूर्ण जीवन को जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित किया।”

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।