राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर सामूहिक गायन का आयोजन

Spread the News

“वन्दे मातरम् राष्ट्र की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभावना का प्रतीक है”- कुलाधिपति बी. एन. साह

रामगढ़, 07 नवम्बर 2025: उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय प्रांगण में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक वंदे मातरम् गायन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारीगण, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे हुआ, जिसमें पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ भारत माता के सम्मान में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। गीत के स्वरों से विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।

कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा, उसकी एकता, गौरव और राष्ट्रभावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के समय देशवासियों में नई ऊर्जा, साहस और स्वाभिमान का संचार किया था, और आज भी यह वही प्रेरणा देता है।

मौके पर विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, व्याख्यातागण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।