रामगढ़, 13 अप्रैल: जिले में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले भर में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर प्रवेश दिया गया तथा परीक्षा समाप्ति के बाद शांतिपूर्वक बाहर निकाला गया।
जिला प्रशासन ने सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया और कहा कि भविष्य में भी इसी तरह पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षाओं का संचालन किया जाएगा।