रामगढ़, 12 अप्रैल: रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र स्थित कृष्ण विद्या मंदिर, गुरुनानक पब्लिक स्कूल और रामप्रसाद चन्द्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर आज बच्चों के लिए एक यादगार दिन बन गया।
तीनों विद्यालयों में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नए झूले तथा विभिन्न आकर्षक खेल सामग्रियों का भव्य उद्घाटन किया गया। यह सुविधा सांसद मनीष जायसवाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि एवं युवा नेता राजीव जायसवाल ने रिबन काटकर झूलों और खेल सामग्रियों का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के समय बच्चों की खुशी और उत्साह देखने लायक था। पूरा परिसर बच्चों की हँसी और उल्लास से गूंज उठा था।
आगमन पर राजीव जायसवाल का विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया।
इस मौके पर कृष्ण विद्या मंदिर के चेयरमैन आनंद अग्रवाल, प्रधानाचार्य विजय तिवारी, गुरुनानक पब्लिक स्कूल के प्राचार्य हरजाप सिंह, रामप्रसाद चन्द्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सचिव शंकर लाल अग्रवाल एवं प्राचार्य प्रवीण कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नए झूलों को देखते ही बच्चे उत्साह से भर गए और तुरंत खेलने के लिए तैयार हो गए।
राजीव जायसवाल ने कहा, “आजकल बच्चे मोबाइल और डिजिटल दुनिया में इतने खो गए हैं कि खेल के मैदान से दूर हो रहे हैं। खेल-कूद बच्चों के स्वास्थ्य, एकाग्रता और समग्र विकास के लिए बहुत जरूरी है। हमें उन्हें मोबाइल की लत से दूर करके मैदान की ओर लाना चाहिए।”