ट्रांसजेंडर युवाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया आयाम: रामगढ़ में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण के 14 प्रतिभागियों को सौंपे गए प्रमाण-पत्र

Spread the News

रामगढ़, 11 अप्रैल: जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया कदम अब रंग ला रहा है। उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर 16 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक चलाए गए ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर 10 अप्रैल 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक रामगढ़ ममता देवी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी सहित जिला स्तरीय कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। सभी अतिथियों ने संबोधन में ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया।

रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ रहे ट्रांसजेंडर प्रतिभागियों की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने बताया कि जिला प्रशासन वंचित एवं उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार के माध्यम से सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।

अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह के अंत में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण पूरा करने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के 14 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान प्रतिभागियों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।

यह कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और समाज की मुख्यधारा में शामिल करने की दिशा में रामगढ़ जिला प्रशासन की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।