रामगढ़, 10 अप्रैल: झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने गुरुवार को रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित ‘रजरप्पा मंदिर परिसर पुनर्विकास परियोजना’ के कार्यान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को प्राकृतिक सुंदरता व धार्मिक मर्यादा बनाए रखते हुए तेज गति से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत में पर्यटन सचिव ने मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पुनर्विकास कार्य का प्राक्कलन, चरणबद्ध एक्शन प्लान, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुगम मार्ग, कतार प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के बाद सचिव ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया और प्रस्तावित निर्माण स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
• विकास कार्यों के दौरान मंदिर की धार्मिक मर्यादा और प्राकृतिक छटा से कोई समझौता न हो।
• निर्माण में उच्च गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन किया जाए तथा कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
• पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए ताकि कोई तकनीकी बाधा न आए।
इस पुनर्विकास परियोजना का मुख्य लक्ष्य रजरप्पा को एक विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर सुलभ होंगे।
निरीक्षण के दौरान जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।