रांची, 9 अप्रैल 2026: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को रांची विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र परिसर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। यह झारखंड के किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित अपना तरह का पहला केंद्र है, जो छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों के तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य सुधार पर विशेष ध्यान देगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रगान एवं कुलगीत की प्रस्तुति के साथ दीप प्रज्ज्वलन हुआ। इस अवसर पर रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार, सीआईपी निदेशक डॉ. ए.के. चौधरी, उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने डॉ. प्रशांत कुमार की पुस्तक ‘केस स्टडी ऑफ साइकिएट्री’ का विमोचन भी किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल गंगवार ने प्रधानमंत्री के फिट इंडिया कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने तनाव से निपटने के लिए संकल्प, धैर्य तथा मुस्कुराहट पर जोर दिया और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सीआईपी, रिम्स एवं रिनपास के चिकित्सक यहां सेवाएं देंगे।
उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार ने इसे सुखद अनुभूति बताते हुए ऑनलाइन परामर्श सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया। डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा कि 21वीं सदी तनाव की सदी है, जहां देश में प्रतिवर्ष औसतन 1.71 लाख लोग आत्महत्या करते हैं। उन्होंने सेंटर में ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू करने पर बल दिया।
रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने केंद्र को नई खोज बताया और चार एच (Head, Hand, Heart, Health) पर जोर दिया। उन्होंने इंडियन बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, आईडीबीआई बैंक, मिशन ब्लू फाउंडेशन तथा डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहु का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन सीवीएस की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. स्मृति सिंह ने किया। इस पहल से विश्वविद्यालय परिसर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।