रामगढ़, 09 अप्रैल: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2024-26 के बीएड प्रशिक्षुओं का चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण 04 अप्रैल से 08 अप्रैल 2026 तक सिक्किम की राजधानी गैंगटोक में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस भ्रमण का उद्देश्य शिक्षक प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षिक उन्नयन को बढ़ावा देना था।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं ने तासी व्यू प्वाइंट, गणेश टोक, हनुमान टोक, बन झाखरी फॉल, इंचे मॉनेस्ट्री, छांगू लेक तथा बाबा हरभजन सिंह मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को गैंगटोक की संस्कृति, कला, साहित्य एवं शिक्षा दर्शन को नजदीक से समझने का अवसर मिला। प्रशिक्षुओं ने स्थानीय हस्तनिर्मित कलाकृतियों का अध्ययन किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेकर भ्रमण को यादगार बनाया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि यह भ्रमण कक्षा से बाहर निकलकर वास्तविक जीवन, संस्कृति और अनुभवात्मक शिक्षा को समझने का सशक्त माध्यम साबित हुआ। वहीं, विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी व्याख्याताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा व्यापक दृष्टिकोण के विकास में सहायक होते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार एवं प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से इस सफल आयोजन पर शिक्षा विभाग के व्याख्याताओं एवं प्रशिक्षुओं को बधाई दी।