स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है : सचिव प्रियंका कुमारी
रामगढ़, 07 अप्रैल 2026 : राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के नर्सिंग विभाग ने मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर के निकट बुढाखुखरा गांव में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने स्थानीय भाषा और सरल शैली में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर गांववासियों को छोटी-छोटी लापरवाहियों से होने वाली बड़ी बीमारियों के बारे में बताया।
नाटक में हाथ धोने, साफ पानी पीने, संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए, जिसे ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में देखा और सराहा।
गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे कार्यक्रम में उमड़े। नाटक के बाद कई ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी सवाल भी पूछे, जिनका नर्सिंग विद्यार्थियों ने विस्तार से जवाब दिया।
विश्वविद्यालय परिसर लौटने के बाद नर्सिंग विभाग द्वारा पोस्टर प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के नुक्कड़ नाटक समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सचिव प्रियंका कुमारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।” उन्होंने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
मौके पर नर्सिंग विभाग की विभागाध्यक्षा प्रियंका भारती, कृतिका राज, रोसलिन, अंजली, प्रिया, सपना, अपराजिता, गौरी सहित अन्य शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।