रामगढ़, 03 अप्रैल: जन समस्याओं को लेकर समाहरणालय परिसर में धरना दे रहे पूर्व विधायक शंकर चौधरी से उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने तत्काल वार्ता की। उपायुक्त ने समाहरणालय की सीढ़ियों पर ही पूर्व विधायक के पास बैठकर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में दोनों के बीच विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण का सख्त निर्देश दिया।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने उपायुक्त की इस संवेदनशील और त्वरित पहल की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का जल्द निपटारा हो जाएगा।