राधा गोविंद विश्वविद्यालय में JEE Mains 2026 तकनीकी गड़बड़ी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजन 

Spread the News

रामगढ़, 1 अप्रैल 2026: राधा गोविंद विश्वविद्यालय परिसर में आज एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी JEE Mains 2026 परीक्षा से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के मामले पर विस्तृत जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि 29 मार्च को परीक्षा में संभावित तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिलते ही तत्काल इसकी शिकायत रामगढ़ पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस पूरे प्रकरण की निगरानी स्वयं रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार कर रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। जांच से संबंधित सभी प्रतिवेदन राज्य सरकार के साथ-साथ राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी TCS को भी भेज दिए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि संस्थान हमेशा से पारदर्शी और कदाचार मुक्त परीक्षा प्रणाली के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी एजेंसियों को विश्वविद्यालय लगातार सहयोग करता रहा है और आगे भी हर संभव सहयोग करता रहेगा।

प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई सूचनाएं तथ्यहीन और अफवाह पर आधारित हैं। उन्होंने अपील की कि लोग आधिकारिक जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।

प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, मीडिया प्रभारी संजय सिंह, कैंपस प्रभारी संजीव कुमार सिंह, उमेश कुमार सहित कई मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने दोहराया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी जांच एजेंसी को सहयोग देने के लिए संस्थान पूरी तरह प्रतिबद्ध है।